सुरेंद्र जैन धरसीवा
यातायात पुलिस रायपुर ने स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैकेनिकल जांच एवं चालक-परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया । इस दौरान शहर के 38 स्कूलों की कुल 360 बसों की जांच की गई। जांच के दौरान 22 बसों में खामियां पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।

अग्निशमन विभाग के अधिकारी द्वारा स्कूल बस चालकों को अग्नि सुरक्षा एवं आग बुझाने का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
पुलिस एमटी वर्कशॉप अमलेश्वर, जायका आटोमोबाइल, स्वराज माजदा, आयचर एवं फोर्स मोटर्स के विशेषज्ञ इंजीनियरों एवं मैकेनिकों द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण किया गया।
श्री नारायणा हॉस्पिटल, छत्तीसगढ़ नेत्रालय एवं जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बस चालक एवं परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया। स्कूली बसों में पिंक पेट्रोलिंग, यातायात हेल्प लाइन के नम्बर चस्पा किये गये

पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकाल) डॉ. अर्चना झा के निर्देशानुसार यातायात पुलिस रायपुर द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड में स्कूली बसों का मैकेनिकल जांच शिविर एवं चालक-परिचालकों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शहर के 38 स्कूलों की कुल 360 स्कूली बसों का निरीक्षण किया गया। बसों की जांच रायपुर पुलिस की एमटी वर्कशॉप अमलेश्वर तथा जायका आटोमोबाइल, स्वराज माजदा, आयशर एवं फोर्स मोटर्स के विशेषज्ञ इंजीनियरों एवं मैकेनिकों द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई।
जांच के दौरान बसों में SCHOOL BUS एवं ON SCHOOL DUTY का स्पष्ट अंकन, स्कूल बस का रंग पीला हो, फर्स्ट एड बॉक्स, सीट बेल्ट, फायर एक्सटिंग्विशर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, 40 किमी/घंटा गतिसीमा वाला स्पीड गवर्नर, चालक का 05 वर्ष का हैवी पैसेंजर वाहन चलाने का अनुभव , चालक-परिचालक की यूनिफॉर्म एवं आईडी कार्ड, हेल्पर की उपलब्धता, विद्यार्थियों की सूची एवं संपर्क विवरण, खिड़कियों पर ग्रिल, सुरक्षित दरवाजे, आपातकालीन संपर्क नंबर तथा वाहन के फिटनेस, परमिट, बीमा एवं नियमित मेंटेनेंस सहित कुल 16 सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 22 बसों में विभिन्न खामियां पाई गईं, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए कुल ₹ 53000/- का चालान किया गया साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को उक्त खामियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूल बस चालकों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित एवं त्वरित कार्यवाही की जानकारी दी। फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) कराया गया तथा प्रारंभिक आग पर नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षित निकासी और आपातकालीन सावधानियों का प्रशिक्षण दिया गया।

शिविर में चालक एवं परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी किया गया जिसमें शहर के श्री नारायणा हास्पिटल, छत्तीसगढ़ नेत्रालय एवं जिला अस्पताल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया इस दौरान 48 चालक-परिचालकों में उच्च रक्तचाप (बीपी) एवं मधुमेह (शुगर) की समस्या से ग्रसित होना तथा 22 चालकों में दूर दृष्टिदोष होना पाया। संबंधित व्यक्तियों को आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई। इस अवसर पर श्री नारायणा हास्पिटल से डॉ. नवनीत गुप्ता (एम.डी. मेडिसिन), श्री अनिल सोनवाने एवं उनकी टीम, छत्तीसगढ़ नेत्रालय से डॉ. रोहित यादव, डॉ. पवन यादव एवं सहयोगी स्टाफ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं सीएमएचओ कार्यालय की चिकित्सकीय टीम तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत देवांगन एवं अमित गोस्वामी उपस्थित रहे।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) रायपुर श्री विवेक शुक्ला ने कहा कि स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनकी सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से यातायात पुलिस रायपुर प्रत्येक वर्ष माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्कूल बसों का मैकेनिकल निरीक्षण तथा चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करती है, ताकि स्कूल वाहनों की तकनीकी सुरक्षा और चालकों की शारीरिक दक्षता सुनिश्चित की जा सके तथा विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो।यातायात पुलिस रायपुर ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
उक्त शिविर सहायक पुलिस आयुक्त श्री सुरेंद्र साय पैकरा, श्री गुरजीत सिंह एवं श्रीमती सीमा अहिरवार एवं यातायात के अधिकारी/कर्मचारी की उपस्थिति में सफलता पूर्वक आयोजित की गई।