कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के कुधुर कैंप में तैनात एक जवान ने अपने साथी जवान के राइफल से गुरुवार की सुबह खुद पर गोली चलाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल जवान को साथी जवानों ने तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जवान को एयरलिफ्ट के जरिए रायपुर भेजने की तैयारी चल रही है। फिलहाल घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। मामला संवेदनशील क्षेत्र में स्थित पुंगारपाल थाना अंतर्गत आने वाले कूधुर कैंप का बताया जा रहा है।
मुन्नालाल पटेल कंपनी कमांडर, सीएफ पांचवीं बटालियन कुधुर के मुताबिक वीरेंद्र कुमार चिदा 53 वर्ष निवासी सामतरा, नगरी जिला धमतरी आज सुबह तकरीबन 7 बजे अपने साथी जवान के राइफल से खुद पर गोली चला दी, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी जवानों ने विभागीय उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उपचार जारी है।
जवान पिछले एक साल से कुधूर कैंप में तैनात था और 2 जनवरी से छुट्टी पर था। उसकी एसएलआर राइफल कोट रूम में जमा होने के चलते उसके पास राइफल भी नहीं था। गुरुवार सुबह सभी जवान बाहर साफ सफाई करने निकले उस समय अकेला बैरक सो रहा था। बाकी जवान साफ-सफाई में लगे हुए थे उसी समय तकरीबन सुबह 7 बजे फायरिंग की आवाज आई। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर साथी जब बैरक में पहुंचे तो जवान खून से लथपथ कराह रहा था। जवान की मानसिक स्थिति ठीक ना होना बताया जा रहा।