24 घंटे में महज 6 से 8 घंटे मिल रही बिजली, किसानों को भी 10 घंटे की जगह 2 से 3 घंटे ही मिल पा रही आपूर्ति
हाईवे-18 पर लगी वाहनों की लंबी कतारें
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
कुलहड़िया सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में एक महीने से लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों और किसानों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। बिजली की समस्या से नाराज दर्जनों ग्रामीण और किसान दोपहर में कुलहड़िया सब स्टेशन पहुंच गए और बिजली घर का घेराव कर दिया। काफी देर तक बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा तो आक्रोशित ग्रामीणों ने भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ।
किसानों को 10 घंटे की जगह मिल रही 2-3 घंटे बिजली
ग्रामीणों के अनुसार, दीवानगंज, अंबाड़ी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, करैया, गीदगढ़ सहित आसपास के गांवों में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। किसानों ने बताया कि सरकार के निर्धारित प्रावधानों के मुताबिक खेती के लिए 10 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन उन्हें मुश्किल से 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उसमें भी बार-बार बिजली गुल होने से सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती के कारण खेतों में फसलों की सिंचाई करना मुश्किल हो गया है। इस समय धान कि फसल को ज्यादा पानी की आवश्यकता पड़ रही है ऐसे में बिजली कटौती से धान की फसल खराब हो रही है।

इनवर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे, गर्मी में बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि 24 घंटे में केवल 6 से 8 घंटे ही बिजली मिल रही है। इसमें भी बार-बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे घरों में लगे इनवर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और घरेलू कामकाज करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।
दिन में बिजली नहीं रहने से दुकानदारों का धंधा चौपट हो रहा है। पानू की पानी की आपूर्ति भी तप हो गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हाईवे पर चक्काजाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्याम राज सिंह, पूर्व थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नरखेड़ा सरपंच रामदयाल लोधी और सेमरा सरपंच भानु भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक किसानों और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद ग्रामीणों और किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
लोड बढ़ने से ट्रिप हो रही बिजली लाइन: जूनियर इंजीनियर
इस संबंध में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर मनीष कुमार ने बताया कि बारिश नहीं होने के कारण सब स्टेशन पर सामान्य से दो से तीन गुना तक लोड बढ़ गया है। इसके चलते किसानों और गांवों की बिजली आपूर्ति एक साथ चालू करने पर लाइन ट्रिप हो जाती है। विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि किसानों और ग्रामीणों को सुचारू रूप से बिजली उपलब्ध कराई जा सके।