सिलयारी रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ प्रदर्शन, पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने सौंपा ज्ञापन
सुरेंद्र जैन धरसीवां
सिलयारी रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के लगातार विलंब को लेकर दैनिक रेल यात्रियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर गाड़ी संख्या 58201 बिलासपुर–रायपुर एवं 58202 रायपुर–बिलासपुर का नियमित एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि सिलयारी एवं आसपास के गांवों तथा शहरों से बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी एवं आम नागरिक प्रतिदिन रायपुर, तिल्दा, भाटापारा और बिलासपुर की ओर आवागमन करते हैं। ऐसे में सुबह एवं शाम की यात्री ट्रेनें क्षेत्र के दैनिक यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण परिवहन साधन हैं।
यात्रियों का कहना है कि यात्री ट्रेनों के बार-बार विलंब से सुबह कर्मचारियों एवं श्रमिकों को कार्यस्थल तथा विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक समय पर पहुंचने में परेशानी होती है। वहीं शाम की ट्रेन में देरी के कारण यात्रियों को घर लौटने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे उनकी नौकरी, उपस्थिति, पढ़ाई एवं पारिवारिक जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं।
ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन से पिछले 30 दिनों के निर्धारित एवं वास्तविक आगमन-प्रस्थान समय की समीक्षा कर ट्रेनों के विलंब के कारणों की जांच एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही सुबह एवं शाम के व्यस्त समय में दैनिक यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने तथा अत्यधिक विलंब की स्थिति में यात्रियों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
क्षेत्र में बढ़ती यात्री आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त यात्री सेवा शुरू करने अथवा मौजूदा यात्री सेवाओं के समय में आवश्यक सुधार की संभावनाओं का परीक्षण करने की मांग भी रखी गई है। ज्ञापन प्राप्त होने के 15 दिवस के भीतर कार्रवाई प्रारंभ कर उसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने कहा कि सिलयारी एवं आसपास के क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन यात्री ट्रेनों पर निर्भर हैं। ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से आम यात्रियों को परेशानी हो रही है। रेलवे प्रशासन को यात्रियों की इस समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेकर समयबद्ध संचालन और स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन को मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर सहित संबंधित रेलवे अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने का अनुरोध किया गया। साथ ही 09 अक्टूबर को रेल मंत्री के प्रस्तावित रायपुर प्रवास के दौरान यात्रियों की समस्या उनके समक्ष रखने का भी अनुरोध किया गया।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष वर्मा, इंटक ब्लॉक अध्यक्ष रतन सोलंकी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष शेखर यादव, पूर्व किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रूपेश बघेल, जनपद सदस्य विजय साहू, मनोज शर्मा, राजू वर्मा, शेष नारायण बघेल, मनीष धीवर, पप्पू यादव, कान्हा वर्मा, मोहन साहू, रामकुमार वर्मा, अभिलाष यादव, राजकुमार धीवर, बिहारी जायसवाल, कृष्णा कश्यप, गट्टू यादव, आयुष वर्मा सहित बड़ी संख्या में दैनिक रेल यात्री एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।