Let’s travel together.

रिवर्स गियर में कांग्रेस और एक्शन में शिवराज-अरुण पटेल

0 179

आलेख
अरुण पटेल

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में जहां कांग्रेस रिवर्स गियर में पहुंच गई है तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कमलनाथ के छिंदवाड़ा के गढ़ में कमल का फूल खिलने के लिए एक्शन मोड में आ गए हैं। एक ओर मध्य प्रदेश में भावी मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर देश की राजधानी नई दिल्ली में गतिविधियां तेज हैं और मुख्यमंत्री पद के तमाम दावेदार पूरी तरह से वहां सक्रिय हैं तो वहीं दूसरी ओर शिवराज उन जिलों में जा रहे हैं जहां भारी लहर के बावजूद भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली है।
शिवराज ने संकल्प लिया है कि वह छिंदवाड़ा सहित सभी 29 लोकसभा क्षेत्र में कमल खिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं तो वहीं दूसरी ओर रिवर्स गियर में आई कांग्रेस के नेता कमलनाथ के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती छिंदवाड़ा के अपने गढ़ को बचाने की है । भाजपा इस किले में सेंध लगाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेगी । कौन बनेगा मुख्यमंत्री इसकी चिंता छोड़ शिवराज लोकसभा चुनाव की तैयारी में भिड़ गए हैं।
चुनाव के पहले यदि संभावनाएं काम करती हैं तो चुनाव के ‍बाद सिर्फ मेहनत बोलतीं हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के आईने में देखा जाए तो यह बात साफ जाहिर होती है कि कांग्रेस प्रदेश में रिवर्स गियर में आ गई है तो वहीं भाजपा ने जिस लैंड स्लाइड बहुमत के साथ सरकार में वापसी की राह तैयार की, वह उसकी कभी बोलकर और कभी खामोशी अख्तियार कर की गई मेहनत का नतीजा है। यही लैंड स्लाइड कांग्रेस की राहें रोककर खड़ा हो गया है, कब तक और कितने समय के लिए? फिलहाल तो कोई भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है।
हार के सही कारण तलाशने भोपाल में कांग्रेस बैठी तो लाख टके का यह सवाल उत्तर की तलाश में है कि क्या कांग्रेस कारणों को सही तरीके से जान और पहचान पाएगी । वह इन कारणों को कितना बताती है और कितना छिपाती है, यह उसकी मर्जी और अधिकार है। मगर, तय है कि अब मप्र में कांग्रेस को पुनर्गठन की राह पकड़नी ही होगी, विकल्पहीनता का बहाना भी नहीं चलेगा, यह नई कांग्रेस गढ़ने का वक्त है। हालांकि ऐसा नहीं है कि कांग्रेस ने मेहनत नहीं की या उसके पास मुद्दे नहीं थे। बस, चंद महीने पहले सक्रियता दिखाना पर्याप्त नहीं था। वह भी तब, जबकि उसके सामने सबसे चुनौती भाजपा की बड़ी चुनाव मशीनरी थी। यह जरूर है कि उसके मुद्दों में से कुछ हाइजैक हो गए, भाजपा के लिए काम भी कर गए, लेकिन प्यार,जंग और अब सियासत में यह सब जायज है। बेहतर होता कि जवाबी तौर पर उसके पास सटीक दांव होता,प्लान बी,सी या डी होता व किलर इंस्टिक्ट भी, जो भाजपा के पास है वह होती। कमलनाथ का नेता और कार्यकर्ताओं से सीमित संपर्क,सीमित संवाद व असीमित ओरा भी नुकसान का एक कारण रहा माना जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी।
फिलहाल तो कांग्रेस का सफर 2023 से 2008 का नजर आता है,यानि रिवर्स गियर वाला। पार्टी फिर वहीं नजर आ रही है, जहां दिसंबर 08 में थी। उस वक्त भी अक्टूबर तक सब पाॅजिटिव लगता था, संभावनाएं बार-बार पीसीसी पर दस्तक दे रही थीं, यहां से मंत्रालय तक एक नयी राह निकलती नजर आ रही थी। इस बार भी ऐसा ही था, जनता भी अनमनी थी, सारे ज्वलंत मुद्दे उसकी पेशानी पर परेशानी की तरह नजर आते थे, मगर शुरूआत में टिकटों का और बाद में चुनाव प्रबंधन ही मुद्दों समेत वर्ष 2008 जैसा लड़ख़डाता नजर आया। इस बार भी, जनता कैसे भाजपा से कन्विंस हो गई, यह कांग्रेस के लिए केस स्टडी की तरह होना चाहिए, जबकि कांग्रेस ने मप्र से बेहतर टक्कर भाजपा को एंटी इंकम्बेंसी से जूझते छत्तीसगढ व राजस्थान में दी। खास बात यह है, कि भाजपा मप्र में इस तरह लड़ी जैसे साढ़े अठारह साल से विपक्ष में हो और कांग्रेस इस तरह लड़ती नजर आई जैसे साढ़े अठारह साल से सत्ता में हो ! भाजपा पूरे जोश में थी तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस आती सत्ता की कल्पना की मदहोशी में इस कदर नजर आई कि वह अपने लक्ष्य कोसों पिछड़ गई।

लेखक सुबह सवेरे के प्रबंध संपादक हैं
-सम्पर्क: 9425010804, 7999673990

Leave A Reply

Your email address will not be published.

शिक्षिका से छेड़छाड़ वाले प्रधानपाठक को पुलिस ने भेजा जेल लेकिन विभागीय कार्यवाही अब तक नहीं     |     गढ़ी में निःशुल्क हृदय रोग शिविर में उमड़ी भीड़, 100 से अधिक मरीजों की हुई जांच     |     वीरपुर की क्षतिग्रस्त शाला भवन से छात्रों – शिक्षकों की जान को खतरा, नवनिर्माण की दरकार      |     फिर फिसली यात्री बस ,बाल – बाल बचे 40 यात्री,कुछ को मामूली चोटें     |     वीरपुर का यात्री प्रतीक्षालय जेसीबी ने तोड़ा     |     खिरीया नारायणदास टेकरी में किराना दुकान में भीषण आग, छह लाख का सामान जलकर खाक     |     मंडीदीप पुलिस की बड़ी कामयाबी,दो अपहृता नाबालिक बालिकाओं सकुशल किया बरामद     |     चित्रकूट धार्मिक स्थल के साथ ही नवाचारों का केन्द्र-राजेन्द्र शुक्ल     |     मप्र शिक्षक संघ का तीन दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग संपन्न     |     जून समाप्ति पर भी सूखी नदियां, थमी धान की रोपाई     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811