रायसेन में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हंगामा, पुतला छीनने पुलिस-कांग्रेस में छीना-झपटी; वाटर कैनन से खदेड़ा
एक कार्यकर्ता राजू माहेश्वरी हुए बेसुध
महामाया चौक पर विधायक देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन, पुलिस ने पहले पुतला छीना तो दूसरा जलता पुतला लेकर पहुंचे कार्यकर्ता; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रायसेन। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में गुरुवार शाम रायसेन में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। महामाया चौक पर विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर छीना-झपटी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसकी तेज बौछार से एक कार्यकर्ता गिर पड़ा और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने छीना पुतला, दूसरा जलता पुतला लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
महामाया चौक पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में पुतला जलाया। पुलिस ने पुतले को छीनकर अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान शुरू हो गई। पुलिस ने एक पुतला छीन लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद कांग्रेस कार्यकर्ता दूसरा जलता हुआ पुतला लेकर मौके पर पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले से तैनात वाटर कैनन चलाया। पानी की तेज बौछार से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने दूसरे पुतले को भी बुझाकर अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। इस दौरान फिर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान हुई। पानी की तेज बौछार के बीच एक कार्यकर्ता राजू माहेश्वरी गिर पड़े और बेसुध हो गए। कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

वाटर कैनन से पुलिसकर्मी भी भीगे
वाटर कैनन की बौछार का असर प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिसकर्मियों पर भी दिखाई दिया। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल की वर्दी पूरी तरह भीग गई, वहीं कई पुलिसकर्मी और कांग्रेस कार्यकर्ता भी पानी से तरबतर हो गए। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार भरत सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक देवेंद्र पटेल के हस्ताक्षर वाले ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए।

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई पर भी विरोध जताया गया। कांग्रेस ने देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
रायसेन में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई खींचतान तथा वाटर कैनन के इस्तेमाल ने राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन को काफी हंगामेदार बना दिया।