लोक नृत्य और नृत्य-नाटिका में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान
अब राज्य स्तर पर करेंगे भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व
देवेन्द्र तिवारी सांची रायसेन
विद्यार्थियों में छिपी सृजनात्मक प्रतिभा को नए आयाम देने, लोक संस्कृति से परिचित कराने तथा कला के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बाल रंग कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय सांची के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भोपाल संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बाल रंग प्रतियोगिता में सांदीपनि सांची के विद्यार्थियों ने ब्लॉक एवं जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर के लिए अपना स्थान बनाया। 6 अक्टूबर को आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लोक नृत्य एवं नृत्य-नाटिका में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ अब सांदीपनि सांची के विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय आयोजन भोपाल स्थित राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित किया जाएगा।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता की तैयारी में डांस शिक्षिका रिया शर्मा, संगीत शिक्षक दीपक यादव, आरती एवं दीपिका का विशेष योगदान रहा। वहीं अल्का चौरसिया एवं ज्योति ने कार्यक्रम में विद्यालय का नेतृत्व किया।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं पालकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी और राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।