बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आईआईटी दिल्ली के सहयोग से एआई (Artificial Intelligence) एवं फिनटेक (FinTech) सर्टिफिकेट कोर्स की कक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी एवं वित्तीय क्षेत्र से संबंधित विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वीणा सत्य तथा नोडल अधिकारी डॉ. मधुसूदन चौबे ने बताया कि आईआईटी दिल्ली के सहयोग से संचालित इन सर्टिफिकेट कोर्स में महाविद्यालय के कुल 32 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनमें 16 विद्यार्थी एआई तथा 16 विद्यार्थी फिनटेक विषय के लिए चयनित हुए हैं।
सहायक नोडल अधिकारी डॉ. श्याम नाईक ने बताया कि विद्यार्थियों का चयन आईआईटी दिल्ली द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। सप्ताह में तीन दिन एआई तथा तीन दिन फिनटेक की कक्षाएं संचालित होंगी।

उन्होंने बताया कि यह सर्टिफिकेट कोर्स केवल सैद्धांतिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट एवं इंटर्नशिप के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल फाइनेंस तथा फिनटेक के क्षेत्र में रोजगार एवं करियर के नए अवसरों के लिए तैयार होने में सहायता मिलेगी।
महाविद्यालय में आईआईटी दिल्ली के सहयोग से प्रारंभ हुए इन पाठ्यक्रमों को विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल एवं रोजगार क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।