वन स्टॉप सेंटर टीम ने छात्र-छात्राओं से किया संवाद, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम सेमरा स्थित पीएमश्री शासकीय हाई स्कूल सेमरा में गत दिवस वन स्टॉप सेंटर टीम रायसेन द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जेंडर संवेदीकरण, महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव सहित महिला-बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
वन स्टॉप सेंटर टीम ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, सुरक्षित व्यवहार तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षित स्थिति का सामना होने अथवा ऐसी घटना की जानकारी मिलने पर चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में किसी विश्वसनीय व्यक्ति, परिवारजन या संबंधित सहायता सेवा से तत्काल संपर्क करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी दी गई। बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति विशेष रूप से जागरूक करते हुए सुरक्षित वातावरण में रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि जागरूकता और समय पर सहायता लेना ही हिंसा एवं शोषण की घटनाओं से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल भी पूछे, जिनका टीम द्वारा समाधान किया गया।