-वीरता, विशिष्ट सेवा पदक, यूनिट प्रशस्ति पत्र और सूर्य कमांड ट्राफियां की गईं प्रदान
सुरभि तिवारी जबलपुर
जबलपुर। देश पर न्यौछावर होने वाले भारतीय सेना के 2 जवान वीर सैनिकों 102 इंजीनियर रेजीमेंट के हवलदार रोहित कुमार सैनी और दी ब्रिगेड ऑफ दी गार्ड्स 61वीं बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स के नायक निशांत शर्मा को मरणोपरांत सेना मेडल से अलंकृत किया गया।

यह अलंकरण होशियार सिंह, पीवीसी परेड ग्राउंड, जबलपुर में भारतीय सेना मध्य कमान अलंकरण समारोह 2023 आयोजित किया गया। लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य कमान ने अधिकारियों और अन्य रैंकों को वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित किया। पुरस्कारों में 11 वीरता और 20 विशिष्ट सेवा पुरस्कार शामिल हैं।
आर्मी कमांडर ने समारोह के दौरान 16 जीओसी-इन-सी यूनिट प्रशंसा पत्र भी प्रदान किये। पुरस्कार विजेताओं को उनके शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया है।

लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने सराहनीय और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, सर्वश्रेष्ठ ग्रीन मिलिट्री स्टेशन, सर्वश्रेष्ठ जोनल मिलिट्री अस्पताल और सर्वश्रेष्ठ फील्ड अस्पताल की 4 सूर्य कमान ट्राफियां भी प्रदान कीं।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने सभी रैंकों को हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और भारतीय सेना की उच्च परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, नागरिक गणमान्य व्यक्ति और जबलपुर में निवास करने वाले पूर्व सैनिक उपस्थित थे। सभी लोगों ने भारतीय सशस्त्र बलों के पुरस्कार विजेताओं की सेवा और वीरता की सराहना की।