सुरेंद्र जैन धरसीवां
आईडीबीआई बैंक की चरोदा शाखा में खाताधारकों के साथ एक करोड़ रुपये से अधिक की हुई धोखाधड़ी के मामले में पीड़ितों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है। बैंक ने पहले चरण में पीड़ित खाताधारकों को 47 लाख 8 हजार रुपये की राशि वापस करना शुरू कर दिया है। शेष राशि भी आगामी चरणों में लौटाने का आश्वासन बैंक प्रबंधन ने दिया है।
इस मामले में पीड़ितों ने लंबे समय तक संघर्ष किया, आंदोलन किया और न्याय की गुहार लगाई। प्रमुख समाचार पत्रों के पत्रकारों सहित कई मीडिया माध्यमों ने भी इसे मामले को प्रमुखता से उठाया। जिला ग्रामीण कांग्रेस और धरसीवां ब्लॉक कांग्रेस भी पीड़ितों के समर्थन में आंदोलन में शामिल हुई।
पीड़ितों ने इस दौरान क्षेत्रीय सांसद बृजमोहन अग्रवाल और धरसीवां विधायक अनुज शर्मा से भी न्याय की गुहार लगाई थी।
6 नवंबर को विधायक अनुज शर्मा ने पीड़ितों को उनकी राशि वापसी के चेक का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनके प्रयास और पहल के कारण पीड़ितों को न्याय मिला है और उनकी गाढ़ी कमाई वापस होना शुरू हुई है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के धैर्य और व्यवस्था पर भरोसे की सराहना करते हुए सभी खाताधारकों को धनतेरस की शुभकामनाएं भी दीं।

दूसरी तरफ कांग्रेस इसे अपने संघर्ष की जीत बता रही है। कांग्रेसजनों का कहना है कि जब पीड़ित संघर्ष कर रहे थे, तब कांग्रेस ने लगातार आवाज उठाई और उनके साथ खड़ी रही। कांग्रेस का आरोप है कि अब जब परिणाम सामने आ रहा है, तो क्षेत्रीय विधायक झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है -संघर्ष के समय गायब, श्रेय लेने के समय सबसे आगेवाले अवसरवादी नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है।
फिलहाल पीड़ित खाताधारकों के चेहरे पर राहत है। वे अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने से खुश हैं, लेकिन राशि वापसी को लेकर शुरू हुई श्रेय की राजनीति ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।