ग्वालियर। ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिये स्वीकृत परियोजनाओं का कार्य तीव्र गति से और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध हो सकें। पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को भितरवार के मॉडल स्कूल में ग्रामीण विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में यह बात कही। बैठक में क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बैठक में ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, उनका कार्य तेजी से किया जाना चाहिए। विकास के कार्यों में गुणवत्ता पर विभागीय अधिकारी विशेष ध्यान दें।