सुबह से शाम तक मंदिरों में लगी रही श्रद्धालुओं की कतार, नाग देवता को दूध अर्पित कर भक्तों ने की सुख-समृद्धि की कामना
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी का पर्व एक साथ पड़ने से सोमवार को दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के करीब 40 गांवों में आस्था का सैलाब देखने को मिला। सुबह होते ही क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक बनी रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
क्षेत्र में सबसे अधिक श्रद्धालु प्रसिद्ध गुफा मंदिर दीवानगंज और प्राचीन गीदगढ़ गुफा सिद्धेश्वर मंदिर में पहुंचे। दोनों मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने नाग देवता की पूजा भी की। घरों और मंदिरों में नाग देवता के लिए दूध रखकर प्रार्थना की गई। मान्यता के अनुसार नाग पंचमी पर नाग देवता की पूजा करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
दीवानगंज क्षेत्र के खेड़ापति हनुमान माता मंदिर, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, राम-जानकी मंदिर, गुफा मंदिर, अयोध्या धाम अंबाडी, शिव-पार्वती मंदिर, गायत्री मंदिर, गणेश मंदिर और स्टेशन दीवानगंज हनुमान मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
सावन सोमवार और नाग पंचमी एक साथ होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। कई दिनों से जल लेने गए कांवरिया अपने गृह निवास पहुंचने के बाद शिवालियो पर जल अभिषेक कर भोले बाबा का आशीर्वाद लिया।
मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। सुबह से शाम तक चले धार्मिक आयोजनों के चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चहल-पहल रही।