सरपंच साहिल खान और दुर्गेश वर्मा बोले, “किसानों के साथ धोखा हो रहा है
सुरेंद्र जैन धरसीवा
धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो गई है, लेकिन धरसीवा के किसान आज भी धान नहीं बेच पा रहे हैं। DCS सर्वे में खेत में खड़ी धान की फसल को ही कागज में ZERO दिखा दिया गया है, किसी को अन्य फसल बता दिया गया है। टोकन नहीं कट रहा, किसान तहसील-पंचायत के चक्कर काट रहे हैं।
खेत में खड़ी पकी फसल को दिखाते हुए दुर्गेश वर्मा ने कहा कि ये धान की फसल लगी हुई है, क्या अधिकारियों को ये फसल दिखाई नहीं दी? क्या मौके पर जाकर सर्वे किया ही नहीं, घर बैठे रिपोर्ट बना ली? धान को अन्य फसल लिख दिया, किसी का रकबा ही गायब कर दिया।”किसान 10 दिन से तहसील के चक्कर काट रहा है। पिछले साल भी कई किसानों का धान बचा रह गया था।

दुर्गेश वर्मा ने आगे कहा कि पहले खरीदी 30 जनवरी तक होती थी, अब 15 जनवरी कर दी। खेत में पानी भरा है, फसल हरी है। समय फरवरी तक बढ़ाना चाहिए। और केंद्र का 258 रुपये किसानों का हक है, सरकार को देना ही चाहिए। नहीं दिया तो बड़ा आंदोलन करेंगे।
धरसीवा के सरपंच साहिल खान ने कहा कि ये किसानों के साथ सरासर धोखा है। हमने ग्राम सभा से लिस्ट बनाकर प्रस्ताव सहित आवेदन दे दिया है। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो किसान सड़क पर उतरेंगे। हम किसानों के साथ खड़े हैं, उनके हक की लड़ाई लड़ेंगे।

121 किसानों का हाल
एक किसान की 11 एकड़ जमीन, पूरा ZERO, दूसरे किसान का 25 एकड़, पूरा ZERO, किसान मेघराज का 24 खसरा गायब, कई किसानों के 3 खसरा में 1 में ZERO
किसानों की 5 मांगें –
121 किसानों का DCS सर्वे तुरंत सुधारो, सबका टोकन तुरंत काटो, खरीदी की समय सीमा फरवरी तक बढ़ाओ, केंद्र का 258 रुपये पूरा दो,घर बैठे सर्वे करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करो।