मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य अतिथि में होगा कार्यक्रम
27 नवंबर को भोपाल में होगा भव्य अनावरण समारोह, जैन समाज से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
सागर। परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य भगवन श्री विद्यासागर जी महाराज के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली उपलब्धि के लिए भारतवर्ष की जैन समाज द्वारा किए गए सार्थक प्रयास सफल हुए हैं। पूज्य निर्यापक श्रमण मुनिश्री अभय सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में जैन समाज ने केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से डाक टिकट जारी करने का अनुरोध किया था, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण पहल साकार हुई है।
इस डाक टिकट का भव्य अनावरण समारोह 27 नवंबर, शुक्रवार को भोपाल स्थित विद्योदय तीर्थ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्योदय तीर्थ में विराजमान परम्पराचार्य श्री समयसागर महाराज ससंघ का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा।
समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही मध्यप्रदेश शासन के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी एवं देशभर से पधारने वाले जैन समाज के श्रावक-श्रेष्ठियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
मुकेश जैन ढाना ने समस्त जैन समाज के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण बताते हुए समाज के सभी श्रावकों, सेवाभावी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न कमेटियों से अधिकाधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर डाक टिकट अनावरण समारोह के साक्षी बनने की अपील की गई है।
समाजजनों से आग्रह किया गया है कि वे 27 नवंबर को अपने-अपने निजी वाहनों एवं उपलब्ध साधनों से भोपाल पहुंचें तथा इस पावन अवसर को अपनी स्मृतियों में संजोएं। यह आयोजन आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के महान व्यक्तित्व, आध्यात्मिक योगदान एवं समाज को दिए गए प्रेरणादायी संदेशों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का एक ऐतिहासिक अवसर होगा।