साँची में 28 और 29 नवम्बर को ‘महाबोधि महोत्सव’, बौद्ध दर्शन, कला, संगीत और साहित्य का होगा अनूठा संगम
श्रीलंका और जापान के कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ सुविख्यात गायिका सायली कांबले का भक्ति गायन
अंतिम दिवस भगवान बुद्ध के जीवन पर केंद्रित नृत्य—नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
रायसेन।भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री और मानवता के संदेश को कला एवं संस्कृति के विविध माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, रायसेन एवं महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से सुप्रतिष्ठित महाबोधि महोत्सव का आयोजन भव्य और दिव्य रूप में किया जा रहा है। 28 एवं 29 नवम्बर, 2026 को साँची स्थित बुद्ध जन्मभूमि पार्क (पुराना विश्राम भवन परिसर) में प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के कलाकारों की सहभागिता रहेगी।
संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि ‘कलाओं में बौद्ध विचार पर एकाग्र’ भावभूमि पर केंद्रित यह महोत्सव बौद्ध दर्शन, लोकसंस्कृति, संगीत, नृत्य और साहित्य का अनूठा संगम है। महोत्सव के माध्यम से भगवान बुद्ध के विचारों की सार्वकालिक प्रासंगिकता को कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहभागिता के अंतर्गत श्रीलंका और जापान के कलाकार अपनी पारंपरिक लोककलाओं एवं गायन प्रस्तुतियों से दर्शक—श्रोताओं को विभिन्न देशों की बौद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएंगे। यह आयोजन भारत और अन्य बौद्ध परंपरा से जुड़े देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने का भी अवसर बनेगा।
28 नवम्बर को श्रीलंका के कलाकार एवं सुविख्यात गायिका सायली कांबले का भक्ति गायन
महोत्सव के प्रथम दिवस 28 नवम्बर को श्रीलंका के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही पंचशील सांस्कृतिक मंच, अशोक पाटिल, भोपाल के निर्देशन में नृत्य एवं गायन की प्रस्तुति करेंगे। वहीं, मुंबई की सुविख्यात गायिका गायिका सायली कांबले एवं समूह द्वारा बौद्ध एवं भक्ति गायन की सुरमयी प्रस्तुति दी जाएगी। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रथम संध्या में बौद्ध परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और लोककलाओं के रंग एक साथ देखने को मिलेंगे।
29 नवम्बर को भगवान बुद्ध केंद्रित नृत्य-नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
महोत्सव के दूसरे दिन 29 नवम्बर को श्रीलंका एवं जापान के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य और गायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस अवसर पर भगवान बुद्ध की शिक्षाओं पर केंद्रित जातक कथा ‘वृत्तिनाशक’ पर आधारित नृत्य-नाटिका विशेष आकर्षण होगी, जिसकी प्रस्तुति चिल्ड्रन्स थिएटर अकादमी, भोपाल द्वारा दी जाएगी। नृत्य और नाट्य के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन मूल्यों, शिक्षाओं और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया जाएगा। द्वितीय दिवस का एक अन्य प्रमुख आकर्षण अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित कवि अपनी काव्य रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक रसधारा प्रवाहित करेंगे। इसमें सर्वश्री जगदीश सोलंकी (कोटा), ममता शर्मा (आगरा), अंकिता सिंह (वाराणसी), प्रख्यात मिश्रा (लखनऊ), विनम्र सेन सिंह (प्रयागराज), धर्मवीर धरम (दिल्ली), लक्ष्मण नेपाली (रायसेन) एवं रवीन्द्र शर्मा (ग्वालियर) शामिल हैं। कवि सम्मेलन में विविध भावों और समकालीन संवेदनाओं से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्यिक अभिव्यक्ति का विशेष अनुभव मिलेगा।