वक्तृता, वाद-विवाद, नृत्य, गायन और रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, प्राचार्य ने विजेताओं को दिए प्रमाणपत्र
भोपाल। बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भेल में आयोजित तीन दिवसीय युवा उत्सव का उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ समापन हुआ। उत्सव के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस वर्ष युवा उत्सव की सभी प्रतियोगिताएं भारतीय ज्ञान परंपरा की थीम पर आधारित रहीं।

तीन दिवसीय आयोजन में वक्तृता, वाद-विवाद, एकल नृत्य, समूह नृत्य, एकल गायन, समूह गायन, रंगोली और प्रश्न मंच जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वक्तृता प्रतियोगिता का विषय ‘भारत की समृद्ध विरासत और हमारे त्योहार’ तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘भारतीय ज्ञान परंपरा वर्तमान युवा पीढ़ी के लिए प्रासंगिक है’ रखा गया। इन विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति अपनी समझ को अभिव्यक्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल से भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध रंगों को उकेरा। वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के साथ दर्शकों ने भी सक्रिय सहभागिता की। नृत्य और गायन की प्रस्तुतियों ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

युवा उत्सव की प्रभारी डॉ. अनुराधा दुबे ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में सहभागिता युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। वक्तृता और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की सोच, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को बेहतर बनाने में सहायक होती हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय जैन ने विजयी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना ही व्यक्तित्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन युवा उत्सव संयोजक डॉ. सुषमा जादौन के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अर्चना गौर ने किया। इस अवसर पर युवा उत्सव समिति के सभी सदस्य, विद्यार्थी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।