सुरेंद्र जैन धरसींवा
दीपावली का पावन पर्व इस बार धरसींवा में पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाया जाएगा। इसके लिए धरसींवा पुलिस ने त्योहार से पहले ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान के नेतृत्व में पुलिस ने धरसींवा और सिलयारी क्षेत्र के 10 कुख्यात निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों को जेल भेज दिया है।
पुलिस की रणनीति क्या है?
पुलिस का मानना है कि त्योहारों के समय पुराने अपराधी, जुआरी, सटोरिए और हुड़दंगी तत्व सक्रिय हो जाते हैं। छोटा सा विवाद भी बड़ी घटना का रूप ले सकता है। इसलिए पुलिस ने इस बार पहले रोकथाम, फिर त्योहार की रणनीति अपनाई है।
इसी के तहत थाने में दर्ज पुराने अपराधियों की सूची निकाली गई। जिन लोगों पर पहले से कई मामले दर्ज हैं, जो लगातार क्षेत्र में अशांति फैलाते हैं, और जिनसे दीपावली के दौरान गड़बड़ी की आशंका थी, उन सभी को चिन्हांकित किया गया। इसके बाद सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया।
इन 10 पर हुई कार्रवाई
टीआई राजेंद्र दीवान ने बताया कि कार्रवाई किए गए लोगों में 1 पोषण यादव,2दुलेश्वर धीवर,3 रुचि साहू,4. सूरज चौहान,5 सुरेश वर्मा,6 विजय साहू,7 धर्मेंद्र कुर्रे,8 हेमंत निषाद 9. गौकरण गजेंद्र 10. हरक्यूलिस बघेल शामिल हैं।इन सभी को नियमानुसार कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
धरसींवा-सिलयारी में बढ़ेगी गश्त
पुलिस ने दीपावली को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाके, पटाखा दुकानें, शराब दुकानें और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की जाएगी। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी नजर रखेंगे।
टीआई राजेंद्र दीवान ने कहा कि हमारा मकसद किसी को परेशान करना नहीं है, बल्कि हर परिवार दीपावली शांति से मना सके, यही हमारी प्राथमिकता है। जो लोग शांति भंग करेंगे, उन पर सख्त कार्रवाई होगी।
जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर भी नजर
दीपावली के दौरान जुआ-सट्टा और अवैध शराब का कारोबार बढ़ जाता है। पुलिस ने इस पर भी विशेष नजर रखने की बात कही है। अवैध शराब बेचने वालों और जुआ खिलाने वालों के खिलाफ भी लगातार छापेमारी की जाएगी।
पुलिस की जनता से अपील
धरसींवा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दीपावली का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं पटाखे निर्धारित समय और सुरक्षित जगह पर ही चलाएं,बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें,किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें,अफवाहों पर ध्यान न दें, अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी