सुरेंद्र जैन धरसीवा
जिले के होनहार युवा सात्विक पाण्डेय ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) एवं नेवल अकादमी परीक्षा में 37वाँ स्थान प्राप्त कर रायपुर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
सात्विक पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास विभाग धरसींवा में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत श्वेता पाण्डेय एवं भारतीय सेना शिक्षा कोर के सेवानिवृत्त सूबेदार एवं अनुदेशक तथा वर्तमान में स्वामी आत्मानंद विद्यालय में प्रधानपाठक के पद पर कार्यरत शाश्वत पाण्डेय के ज्येष्ठ सुपुत्र हैं।
सात्विक की सफलता में माता-पिता दोनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पिता से उन्हें सैन्य अनुशासन, समर्पण और देशसेवा के संस्कार प्राप्त हुए। वहीं माता श्वेता पाण्डेय ने माँ के साथ-साथ एक सजग मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। उन्होंने सात्विक की दिनचर्या, अध्ययन, समय प्रबंधन और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया। उनकी निरंतर देखभाल, धैर्य, त्याग और प्रोत्साहन ने सात्विक को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अपनी इस उपलब्धि के माध्यम से सात्विक ने परिवार की गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है। पिता के सैन्य अनुभव और अनुशासन की विरासत को आत्मसात करते हुए देशसेवा के मार्ग पर उनका आगे बढ़ना पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
उनकी सफलता पर परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी का कहना है कि सात्विक की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।