राजगढ़ जिले के ग्राम गुलखेड़ी से पकड़ा गया आरोपी, कब्जे से 4 हजार रुपये बरामद; शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर लिया
सिलवानी रायसेन । थाना सिलवानी क्षेत्र में कार से 1 लाख 20 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 4 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपी से शेष राशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना 29 सितंबर 2026 की है। ग्राम पठाकला निवासी फरियादी राजकुमार रघुवंशी एसबीआई बैंक सिलवानी में रुपये जमा करने पहुंचे थे। किसी कारणवश बैंक में रुपये जमा नहीं हो सके, जिसके बाद वे नकदी लेकर अपनी कार से बाहर निकल गए। इसके बाद जब वे फल खरीदने के लिए कार से उतरे, तभी आरोपियों ने उनका पीछा करते हुए मौका पाकर कार में रखे 1 लाख 20 हजार रुपये चोरी कर लिए।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिलवानी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक के तहत धारा 303(3) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विशेष टीम गठित कर आरोपी तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन अंकित जैसवाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक नायक एवं एसडीओपी सिलवानी आशुतोष त्यागी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल पिता उत्तम सिसोदिया सांसी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम गुलखेड़ी, थाना बोड़ा जिला राजगढ़ से गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 हजार रुपये जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद शेष राशि की बरामदगी एवं अन्य पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते, उपनिरीक्षक अभिषेक खरे, प्रधान आरक्षक 632 अजीत राय, आरक्षक 437 अरविंद कुमार, आरक्षक 816 आकाश दुबे एवं सैनिक 85 सियाराम रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।