राज्यसभा सांसद ने प्रबुद्धजन संगोष्ठी में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना, लोकतंत्र और SIR पर रखे विचार
वोट चोरी की नीयत होती तो भाजपा 400 पार का लक्ष्य छोड़ बहुमत तो हासिल कर लेती : सांसद रजनीश अग्रवाल
-रामपाल सिंह बोले- यदि वोट चोरी होती तो क्या मैं चुनाव हार जाता, SIR पहले भी होती रही है
-राकेश शर्मा ने कहा- घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती
रायसेन। शनिवार को जिले की तहसील बेगमगंज के गुप्ता मैरिज गार्डन में आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने नगर के गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं, प्रबुद्धजनों, पत्रकारों और व्यापारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
रजनीश अग्रवाल बोले- जनता का जनादेश स्वीकार किया, सवाल लोकतंत्र की विश्वसनीयता का है
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि भाजपा की नीयत में वोट चोरी होती तो उस समय प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे, सरकार भाजपा की थी और प्रत्याशी रामपाल सिंह थे। फिर भाजपा चुनाव क्यों हारती। जनता ने जो जनादेश दिया, उसे रामपाल सिंह और भारतीय जनता पार्टी ने पूरी विनम्रता से स्वीकार किया। सवाल हार-जीत का नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की विश्वसनीयता का है।

उन्होंने कहा कि आज इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है, लेकिन देश को यह भी याद रखना चाहिए कि आपातकाल के दौरान किस तरह लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। प्रेस पर प्रतिबंध लगाए गए और मीडिया की स्वतंत्रता को सीमित किया गया। जिन लोगों ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया, वे आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।
अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2012-13 के दौर में देश में भ्रष्टाचार और आतंकवादी घटनाएं आम चर्चा का विषय थीं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मंदिर और सार्वजनिक स्थान तक सुरक्षित नहीं थे। उस समय सरकार का रवैया आतंकवाद के प्रति नरम दिखाई देता था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है और दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देने का साहस रखता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 पार का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी थी, लेकिन जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत के लिए सहयोगी दलों के समर्थन की आवश्यकता वाला जनादेश दिया। यदि वोट चोरी की नीयत होती तो भाजपा कम से कम अपने दम पर बहुमत तो हासिल कर ही लेती। फिर सहयोगी दलों के समर्थन की जरूरत क्यों पड़ती। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों पर भी सवाल उठाना उचित नहीं है। राहुल गांधी के नेतृत्व को देश की जनता स्वीकार नहीं कर रही है। इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है, जिसे देश की जनता सफल नहीं होने देगी।

–रामपाल सिंह बोले- वोट चोरी होती तो क्या मैं चुनाव हार जाता
पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास के लिए उन्हें काम करने का अवसर मिला, जिसके लिए वे हमेशा क्षेत्र की जनता के आभारी रहेंगे। उन्होंने SIR प्रक्रिया पर कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पहले भी होता रहा है, लेकिन पहले लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं हो पाती थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वास्तव में वोट चोरी होती तो क्या वे चुनाव हार जाते। उन्होंने अन्य प्रदेशों में मतपत्रों से हुए MLC चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। जनता का निर्णय सर्वोपरि है और उसे स्वीकार करना चाहिए।

-राकेश शर्मा बोले- घुसपैठियों को मतदाता बनाना लोकतंत्र के लिए चुनौती
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करना देश की संसदीय और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल होने से चुनावी प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों के चयन पर असर पड़ सकता है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से सवाल किया कि क्या देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था घुसपैठियों के भरोसे संचालित होनी चाहिए। SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है, ताकि केवल पात्र नागरिक ही अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक, अधिवक्ता, पत्रकार, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
न्यूज सोर्स -हरि साहू जिला मीडिया प्रभारी रायसेन