इंदौर सहित अन्य शहरों के स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों एवं उद्यमियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
इंदौर। महाराजा रंजीत सिंग कॉलेज इंदौर के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) द्वारा 31 अक्टूबर को कॉलेज परिसर स्थित GHPS हॉल में हैंडमेड प्रोडक्ट प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंदौर एवं इंदौर के बाहर के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ उद्यमियों (Entrepreneurs) ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रदर्शनी में गौसेवा से संबंधित उत्पाद, गोबर से निर्मित उपयोगी एवं सजावटी वस्तुएं, आयुर्वेदिक पौधे, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, मेहंदी कला तथा विभिन्न प्रकार की कलात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक पेंटिंग्स और पाइप क्लीनर से निर्मित कलात्मक वस्तुओं ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में रचनात्मकता, कला और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. आनंद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। IIC के कन्वीनर डॉ. संदीप कौर, सह-अध्यक्ष डॉ. सुप्रिया मंडी तथा प्रोफेसर ऋचा जोशी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा उद्यमियों को नवाचार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।

इस अवसर पर डॉ अनिल गुप्ता ,डॉ. मनोज जोशी, प्रोफेसर प्रवीण शर्मा, डॉ शैलेश हिरवे,डॉ प्रदीप पूरे,डॉ. शिफा गोयल, डॉ. महिमा जैन, डॉ. दीप्ति सेठी, डॉ. गीता सूरी, डॉ. दीपक शर्मा, अश्विनी पाठक एवं सहित अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पेंद्र दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रोफेसर ऋचा जोशी ने किया।

कार्यक्रम विद्यार्थियों और उद्यमियों को अपने नवाचार एवं रचनात्मक उत्पादों के प्रदर्शन के साथ नए व्यावसायिक अवसरों की संभावनाएं तलाशने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।