27 विधाओं में आयोजित होंगी प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर
बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एसबीएन कॉलेज), बड़वानी में सत्र 2026-27 का महाविद्यालयीन स्तरीय युवा उत्सव 3, 4 एवं 5 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वीणा सत्य की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें युवा उत्सव के सफल आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में डॉ. सुप्रिया चौहान महाविद्यालयीन स्तरीय युवा उत्सव समिति संयोजक तथा डॉ. श्याम नाईक, डॉ. निर्मला मौर्य, डॉ. डॉली परमार, प्रो. कदम डोडवे, डॉ रीना रोकड़े, निधि राठौर एवं श्री नौसेफ सदस्य उपस्थित रहे.
युवा उत्सव के अंतर्गत कुल 27 विधाओं में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को साहित्यिक गतिविधियों से संबंधित प्रतियोगिताएं, 4 नवंबर को सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित प्रतियोगिताएं तथा 5 नवंबर को अन्य विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ धीरज वर्मा ने समिति के सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को युवा उत्सव में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, कला, साहित्यिक अभिरुचि एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
इस युवा उत्सव में महाविद्यालय के समस्त नियमित विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।