सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने सुलझाईं दो बाइक चोरी की वारदातें
डेढ़ लाख रुपये की दो मोटरसाइकिल बरामद; एक आरोपी फरार
भोपाल। भोपाल देहात की नजीराबाद पुलिस ने वाहन चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सड़क किनारे खड़ी बाइक को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 29 सितंबर की है। नजीराबाद कस्बे के निवासी अनीश खान की हीरो होंडा साइन मोटरसाइकिल राधारमण बैंक के सामने सड़क किनारे खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 242/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वहीं, दूसरी घटना 21 अक्टूबर 2026 को सुनगाजोड़, नजीराबाद क्षेत्र में हुई, जहां विदिशा जिले के ग्राम देहरी निवासी मुजम्मिल कुरैशी की होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 266/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनंकर और बैरसिया एसडीओपी वैशाली सिंह कराहलिया के निर्देशन में थाना प्रभारी नजीराबाद निरीक्षक सहवाज खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
सीहोर जिले के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने इस मामले में सीहोर जिले के थाना दोराहा क्षेत्र के ग्राम इमलिया भोज निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अनिल गुर्जर, पिता भारत सिंह गुर्जर, उम्र 20 वर्ष।
सुनील उर्फ सोनू गुर्जर, पिता जगन्नाथ गुर्जर, उम्र 25 वर्ष।
जशरथ गुर्जर, पिता बद्रीप्रसाद गुर्जर, उम्र 23 वर्ष।
मामले में शिवाकर मीणा, निवासी ग्राम देहरी, फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
रेकी के बाद लॉक तोड़कर करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इस दौरान कुछ साथी आसपास की गतिविधियों और लोगों की आवाजाही पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर ले जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP04 ZX6438 और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP04 VB6158 बरामद की है। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
वाहन चोरी की इन घटनाओं का खुलासा करने में थाना प्रभारी सहवाज खान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महेश सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक प्रदीप किरार, प्रधान आरक्षक भागीरथ प्रसाद, आरक्षक मनोज धाकड़, आरक्षक उपेंद्र सिंह और साइबर टीम भोपाल देहात के आरक्षक योगेश भावसार की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील: सुरक्षा के लिए लगवाएं सीसीटीवी कैमरे
नजीराबाद पुलिस ने नागरिकों से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों के आसपास अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों की पहचान करने और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है।