महिलाओं और बच्चों ने धार्मिक गीतों पर बढ़ाया उत्साह
– दशहराम मैदान में राम-लक्ष्मण ने किया रावण का वध
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के कस्बा गढ़ी में मंगलवार को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे में भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उल्लास का माहोल रहा।
दशहरा पर्व के अवसर पर गढ़ी में चार स्थानों पर झांकियां स्थापित की गई थीं। इनमें राम-जानकी माता मंदिर बस स्टैंड, खेड़ापति माता मंदिर, वन श्रीराम परिसर तथा मनकापुर आदिवासी टोला शामिल रहे। मुख्य चल समारोह राम-जानकी मंदिर बस स्टैंड से प्रारंभ हुआ, जो बाजार, जुमेराती मोहल्ला, कसाई मंडी और माता मंदिर सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचा।
चल समारोह में महिलाएं और बच्चियां धार्मिक गीतों के साथ रेझम, झांझरी और डमरू बजाते हुए चल रही थीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से चल समारोह का स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
ग्राम पटेल एवं सरपंच के निवास पर हुआ स्वागत
चल समारोह के दौरान ग्राम पटेल सैयद साजिद अली पटेल एवं सरपंच मसूद पटेल के निवास पर भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां चल समारोह में शामिल गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

दशहरा मैदान में रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश
चल समारोह के समापन पर सभी श्रद्धालु दशहरा मैदान पहुंचे, जहां भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों ने रावण का वध किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने भाग लिया। रावण दहन के साथ ही उपस्थित लोगों ने बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व की खुशियां मनाईं।
हिंदू उत्सव समिति के नेतृत्व में हुआ आयोजन
गढ़ी में दशहरा पर्व का आयोजन हिंदू उत्सव समिति के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे। पर्व के दौरान कस्बे में धार्मिक सौहार्द, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।