गैरतगंज में संजीव राय व देवनगर में रामबाबू लोधी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त, संगठन मजबूती की जिम्मेदारी सौंपी
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से रायसेन जिले में ब्लाक स्तर पर नई नियुक्तियां की हैं। वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता संजीव राय को गैरतगंज ब्लाक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामबाबू लोधी को लोधी देवनगर ब्लाक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दोनों नियुक्तियों की घोषणा करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपेक्षा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर पर सशक्त संगठन ही पार्टी को मजबूती प्रदान करता है।
नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्ष संजीव राय एवं रामबाबू लोधी ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
इन नियुक्तियों पर क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय कांग्रेस जनों ने दोनों नेताओं को बधाइयाँ देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में ब्लाक स्तर पर कांग्रेस संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।