सी एल गौर रायसेन
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सांची रोड स्थित सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल में स्वच्छता और जागरूकता से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा I-A के विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व पर आकर्षक एवं संदेशपरक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। नाटक में घर, स्कूल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व को सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से संभव है।
महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ और बेहतर समाज की आधारशिला मानते थे। उनकी जयंती पर विद्यार्थियों द्वारा दिया गया स्वच्छता का संदेश इसी विचार को आगे बढ़ाने वाला रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के साथ ही स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।