सी के पारे रायसेन
रायसेन के अर्जुन नगर वार्ड 15 में बड़ा हादसा टला, कपड़े जले और दीवार का सरिया हुआ क्षतिग्रस्त; लोगों ने लाइन शिफ्ट करने की मांग उठाई
अर्जुन नगर वार्ड क्रमांक 15 में गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घरों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन अचानक टूटकर गिर गई। तार टूटते ही तेज चिंगारियों के साथ कई जोरदार आवाजें सुनाई दीं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
अर्जुन नगर निवासी संतोष पांडे ने बताया कि परिवार के लोग घर में बैठे हुए थे। अचानक छत की ओर से तार टूटने और तेज चिंगारियों के साथ जोरदार आवाजें आने लगीं। छत पर जाकर देखा तो दीवार में लगा सरिया भी बिजली की चपेट में आ गया था। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बाहर निकलकर देखने पर बिजली के तार कुछ घरों की छतों, बालकनी और सड़क पर गिरे हुए थे। हादसे में घरों की छतों पर डाले गए कपड़े जल गए, जबकि दीवार में लगा सरिया भी क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।
घरों के ऊपर से गुजर रही लाइन हटाने की मांग
संतोष पांडे सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि 33 केवी की बिजली लाइन लंबे समय से घरों के ऊपर से गुजर रही है। लोगों ने बिजली कंपनी से मांग की है कि सुरक्षा को देखते हुए इस लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
एक दिन पहले हुआ था लाइन का निरीक्षण
सब-डिवीजन के अधिकारी संजय पटेल ने बताया कि यह 33 केवी लाइन नीमखेड़ा की है, जिससे सर्विस स्टेशन संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाइन का एक दिन पहले ही निरीक्षण किया गया था। अधिकारियों के अनुसार लोगों को लगातार समझाइश दी जा रही है कि 33 केवी लाइन के नीचे या उसके आसपास मकान नहीं बनाए जाएं और लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट कराने के लिए भी प्रयास किए जाएं।
फिलहाल घटना के बाद बिजली लाइन की मरम्मत और आवश्यक सुधार का काम किया जा रहा है। अचानक बिजली लाइन टूटने की घटना ने एक बार फिर घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।