देहरी में निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा, रोजाना दोपहर 12 बजे से होगा कथा वाचन; 10 अक्टूबर को पूर्णाहुति व महाप्रसादी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 के समीप ग्राम देहरी स्थित श्री राम-जानकी मंदिर में पितृ मोक्ष की कामना को लेकर सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्री राम-जानकी मंदिर ट्रस्ट एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित होने वाली कथा में प्रतिदिन भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा।
कथा का शुभारंभ 4 अक्टूबर रविवार को सुबह 10 बजे भव्य कलश शोभायात्रा एवं गणेश पूजन के साथ होगा। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से हरि इच्छा तक कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का श्रवण पंडित पंकज शर्मा द्वारा कराया जाएगा।

आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं सहित श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का संगीतमय वाचन किया जाएगा। कथा के अंतिम दिन 10 अक्टूबर शनिवार को सुदामा चरित्र, संक्षिप्त भागवत वर्णन, पूर्णाहुति एवं कथा समापन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि पितरों की शांति एवं मोक्ष की कामना से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्री राम-जानकी मंदिर ट्रस्ट एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।