जिला स्तरीय कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, कृत्रिम सहायक उपकरण भी किए वितरित
सी के पारे रायसेन
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा एवं जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक श्री मनोज बाथम ने मुख्य अतिथि डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा एवं जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिले के 27 वरिष्ठ नागरिकों का शॉल, श्रीफल एवं 1,000 रुपये की सम्मान राशि भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही जरूरतमंद वृद्धजनों को कृत्रिम एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए, ताकि उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके और वे अधिक सुगम एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

‘वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर’
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों और योगदान से समाज एवं परिवार को मजबूत आधार दिया है। वृद्धजनों का सम्मान करना केवल हमारी सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा एवं जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं की दी जानकारी
संयुक्त संचालक मनोज बाथम ने अपने उद्बोधन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को शासन की योजनाओं से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।