मध्य प्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष पहुंचे मंगलम योग केंद्र
– योग खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा, बच्चों को वितरित किए योग मैट
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
मध्य प्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा शिवपुरी में संचालित मंगलम योग केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र के योग खिलाड़ियों से संवाद किया और बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन देखा।
इस दौरान उन्होंने योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर बच्चों और प्रशिक्षकों से चर्चा की। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि बच्चे अपने आत्मविश्वास को बढ़ाएं और अपनी छुपी हुई प्रतिभा को सामने लाएं। नियमित योग अभ्यास से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।

योग आयोग के अध्यक्ष ने अभी हाल ही में स्कूल शिक्षा विभाग की योग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तर के लिए चुने गए प्रतिभागियों से भी मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी ओर से बच्चों को योग मैट प्रदान किए।
इस अवसर पर मंगलम के डायरेक्टर रंजीत गुप्ता ने मंगलम योग केंद्र के संचालन को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योग केंद्र के कई बच्चों को योग के माध्यम से रोजगार मिला है। केंद्र के कई बच्चे जिला स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।
कार्यक्रम में मंगलम योग केंद्र के प्रशिक्षक मनीष राठौर, मंगलम डीडीआरसी के संजीव भार्गव, विकास शर्मा एवं विवेक काले उपस्थित रहे।