देर रात तक गूंजता रहा ‘गणपति बप्पा मोरिया’
सुबह तहसीलदार, चौकी प्रभारी और सरपंच ने विसर्जन घाट का किया निरीक्षण, साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाएं
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर दीवानगंज सहित आसपास के करीब 40 गांवों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। सुबह से ही गणेश पंडालों और घरों में हवन-पूजन एवं आरती का दौर शुरू हो गया था। इसके बाद श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन घाटों की ओर रवाना हुए। देर रात तक विभिन्न गांवों की झांकियों के साथ निकले चल समारोह से पूरा क्षेत्र गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा। इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर पर छोटी-छोटी कन्या महिलाओं युवा और पुरुषों द्वारा गुरुवार दे रात मा आरती का आयोजन किया गया था जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

विसर्जन को लेकर सुबह के समय नायब तहसीलदार सुरेश सिंह, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा एवं ग्राम सरपंच गिरजेश नायक ने दीवानगंज तालाब स्थित विसर्जन घाट का निरीक्षण किया। घाट के आसपास उगी झाड़ियों और पेड़ों की साफ-सफाई कराई गई, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पंचायत एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।
दोपहर के बाद छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहले कोरी मोहल्ला स्थित झांकी का ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के साथ चल समारोह निकाला गया। इसके बाद दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा और आसपास के गांवों से श्रद्धालु अपने घरों एवं पंडालों में विराजित गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन घाट पहुंचे। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
बच्चों और युवाओं की टोलियां छोटी-छोटी गणेश प्रतिमाओं को लेकर विभिन्न तालाबों और घाटों पर पहुंचीं और विधि-विधान से विसर्जन किया। वहीं गणेश पंडालों में गुरुवार देर रात से ही पूजा-अर्चना के बाद हवन एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

देर रात तक निकलीं भव्य झांकियां
देर रात बड़ी गणेश प्रतिमाओं के साथ भव्य चल समारोह निकाला गया। इसमें दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के गांवों की झांकियां शामिल हुईं। आकर्षक साज-सज्जा से तैयार झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। डीजे, ढोल और नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भगवान गणेश को विदाई देने पहुंचे।
दीवानगंज के भवानी चौक राम जानकी मंदिर, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, गोसाई मोहल्ला और कोरी मोहल्ला की झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। चल समारोह के दौरान पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, बालमपुर, कुलहड़िया, छोला, बनखेड़ी, देहरी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुए। देर रात तक चले विसर्जन के बाद भक्तों ने अगले वर्ष भगवान गणेश के पुनः आगमन की कामना के साथ उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।