जिंदा नवजात को सागर मेडिकल कॉलेज रेफर
सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के बेगमगंज तहसील क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में ग्राम मोइया से खामखेड़ा जाने वाले मार्ग के पास मक्का के खेत की मेड़ पर एक नवजात शिशु जिंदा हालत में मिला। नवजात के रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी जानकारी खेत मालिक और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल बेगमगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गणेश विसर्जन के लिए जा रहे लोगों ने सुनी रोने की आवाज
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोइया से खामखेड़ा मार्ग से कुछ लोग गणेश विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें मक्का के खेत की ओर से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। लोगों ने जब खेत की ओर जाकर देखा तो मेड़ पर एक नवजात शिशु पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने खेत मालिक को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।

करीब 1.2 किलो बताया गया नवजात का वजन
सिविल अस्पताल बेगमगंज के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. देवेन्द्र मीणा के अनुसार, नवजात का वजन करीब 1 किलो 200 ग्राम बताया गया है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसकी बेहतर चिकित्सा के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। वहीं सुल्तानगंज थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात खेत की मेड़ तक कैसे पहुंचा और उसे वहां कौन छोड़कर गया। पुलिस आसपास के संभावित स्थानों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल नवजात को खेत में छोड़ने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। नवजात को सागर मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भेजा गया है।