– आगामी 28,29,30 सितंबर को रहेगी बैंक हड़ताल
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर आज देशव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में शिवपुरी के गुरुद्वारा चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सामने सैकड़ों बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने 5-Day Banking को निश्चित तारीख के साथ लागू करने तथा कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लंबित एवं वैध अधिकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए UFBU शिवपुरी यूनिट के अध्यक्ष हेमंत उपाध्याय ने कहा कि बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी जायज मांगों को लेकर पूरी तरह एकजुट हैं। सरकार द्वारा 5-Day Banking को जल्द लागू करने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन कर्मचारियों की मांग है कि इसके लिए स्पष्ट एवं निश्चित तारीख घोषित की जाए।
उन्होंने कहा कि आज का प्रदर्शन यह स्पष्ट करता है कि बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारी और अधिकारी किसी भी विभाजनकारी प्रयास से प्रभावित होने वाले नहीं हैं। Senior Management सहित विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों ने हड़ताल में शामिल होकर एकजुटता का संदेश दिया है।
UFBU शिवपुरी यूनिट के संयोजक संजय वर्मा ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक दिन की हड़ताल तक सीमित नहीं है। यदि लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
अविनाश यादव, शरद शर्मा, योगेश यादव, विक्रम जैन, नंदकिशोर,सतीश माहोर,उमेश, जितेंद्र, कुशाग्र, नीरज, आलोक,दीपक अशोक कुशवाहा सहित अनेक बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
महिला साथियों में प्राची मजमुदार, नीलू, अचला, निकिता, पूजा, दीपाली, मेघा, अनीता सहित अन्य महिला बैंकर्स ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
प्रदर्शन के दौरान बैंकर्स ने “UFBU जिंदाबाद”, “बैंक कर्मचारी-अधिकारी एकता जिंदाबाद” और “5-Day Banking लागू करो” जैसे नारे लगाए।
UFBU शिवपुरी यूनिट ने प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए शिवपुरी के सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।