सलामतपुर रायसेन। मूंगफली कॉलोनी में घर के बाहर खेलते-खेलते ढाई-तीन साल का मासूम विराट भटककर भोपाल-विदिशा मुख्य मार्ग पर पहुंच गया। थाने के सामने बर्तन दुकान संचालक जसमन ठाकुर की नजर बच्चे पर पड़ी। सड़क पर वाहनों की आवाजाही को देखते हुए उन्होंने बच्चे को सुरक्षित सलामतपुर थाने पहुंचाया।

थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी ने तत्काल बच्चे की फोटो और जानकारी स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप व सोशल मीडिया पर प्रसारित कराई। इधर, बच्चे के पिता दिनेश रावत और मां सोनम रावत उसकी तलाश कर रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने पर दोनों थाने पहुंचे। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने मासूम को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महज 30 मिनट में बच्चा मिलने पर परिजनों ने पुलिस और सजग दुकानदार का आभार जताया। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर नजर रखने की अपील की।