श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर दीवानगंज में हुआ धार्मिक आयोजन, समाजजनों ने की पूजा-अर्चना
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत दीवानगंज भवानी चौक स्थित राम जानकी मंदिर के पास श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को पर्यूषण पर्व के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर जैन समाज के बड़ी संख्या में समाजजन मंदिर में एकत्रित हुए और भगवान की पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ लिया।
पर्यूषण पर्व के प्रथम दिन मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक वातावरण बना रहा। समाजजनों ने विधि-विधान के साथ भगवान शांतिनाथ की पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। प्रथम शांतिधारा करने का सौभाग्य पंडित सुरेश कुमार जैन को प्राप्त हुआ।
धार्मिक आयोजन में महेश जैन, अजय जैन, सुनील जैन, विजय कुमार जैन, राजकुमार जैन सहित जैन समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे। समाजजनों ने पर्यूषण पर्व के दौरान धार्मिक नियमों का पालन करने और भगवान की आराधना में समय देने का संकल्प लिया।
जैन समाज में पर्यूषण पर्व को आत्मशुद्धि, संयम, तप और धार्मिक साधना का महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। पर्व के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, अभिषेक और प्रवचन आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।