पहले पेट्रोल डलवाया, फिर चाकू दिखाकर लूटे 10 हजार; भोपाल में पकड़े गए चार आरोपी
भोपाल/रायसेन। भोपाल रोड पर ग्राम माना के पास स्थित पेट्रोल पंप पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। चार युवक एक्टिवा से पेट्रोल पंप पहुंचे। पहले उन्होंने अपनी एक्टिवा में पेट्रोल डलवाया और इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों को चाकू दिखाकर धमकाते हुए करीब 10 हजार रुपए की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी एक्टिवा से फरार हो गए।

पेट्रोल पंप जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा का बताया जा रहा है। घटना के दौरान कर्मचारी नावेद और परवेज पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। बताया गया कि आरोपियों ने कर्मचारियों को चाकू दिखाकर डराया और उनके पास रखी नकदी छीन ली। अचानक हुई वारदात के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
लूट की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चार युवक एक्टिवा से पेट्रोल पंप पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। पेट्रोल भरवाने के बाद आरोपियों ने कर्मचारियों को चाकू दिखाकर धमकाया और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।
भोपाल में पहले से फरारी, कोहेफिजा पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, लूट की घटना में शामिल बताए जा रहे चारों युवकों को रविवार को भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र के किसी अन्य अपराध में भी पुलिस की तलाश में थे।

आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद अब रायसेन कोतवाली पुलिस उन्हें रायसेन लाकर पेट्रोल पंप लूट के मामले में पूछताछ करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और चाकू के संबंध में अन्य कोई तथ्य सामने आते हैं या नहीं।

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। रविवार को भोपाल में आरोपियों के गिरफ्तार होने की सूचना मिली है। अब उन्हें रायसेन लाकर पूछताछ की जाएगी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।