मुनि संघों के सानिध्य में श्रावक रहेंगे आत्म आराधना में लीन
सागर। जैन धर्मावलंबियों के आत्म आराधना के 10 दिवसीय दशलक्षण पर्व इस वर्ष बुधवार 16 सितंबर से पूरी धार्मिक प्रभावना के साथ प्रारंभ हो रहे हैं।इस दौरान नगर के सभी 58 जैन मंदिरों में विविध धार्मिक, आध्यात्मिक, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उल्लास के साथ आयोजित होंगे।
पर्व का समापन 25 सितंबर अनंत चतुर्दशी को होगा। पर्व के समापन के बाद एक दर्जन से अधिक जैन मंदिर से श्री जी की पालकी महोत्सव(शोभायात्रा) तथा 26 सितंबर से क्षमावाणी पर्व हर्षोल्लास से मनेगा।इस वर्ष सागर नगर में 4 मुनि संघों के वर्षायोग चातुर्मास चल रहे है,जिनके पावन सानिध्य में दशलक्षण पर्व का महत्व और भी बढ़ गया है। 4 मुनि संघों में 25 पिच्छी है
मुकेश जैन ढाना के अनुसार सृष्टि के प्रारम्भ होने के प्रतीक स्वरूप जैन धर्मावलंबी प्रति वर्ष भाद्रपद पंचमी से अनंत चतुर्दशी तक पूरे नियम, संयम और धार्मिक विधि विधान से दस दिवसीय दशलक्षण पर्व मनाते हैं। दशलक्षण पर्व की तैयारियां जैन मंदिरों में पिछले एक पखवाड़े से चल रही है। नगर के जैन मंदिरों में श्री जी को मूर्तियों का परिमार्जन,मंजन श्रद्धालुओं द्वारा विनयभाव से किया गया है। इस अवसर पर नगर के भाग्योदय तीर्थ, उदासीन आश्रम, मोराजी, काकागंज, रामपुरा, गौराबाई जैन मंदिर, पारसनाथ मंदिर कटरा, बाहुबली कॉलोनी, वर्णी कॉलोनी,गोपालगंज, तिलकगंज, अंकुर कॉलोनी, नेहा नगर, दीनदयाल नगर, बालक हिल व्यू, बालक कांपलेक्स आदि बड़े जैन मंदिरों में आदि में दशलक्षण पर्व पर प्रतिदिन सुबह से धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्रियाएं जैसे श्रीजी का अभिषेक,शांतिधारा, पूजन, प्रवचन आदि प्रारंभ हो जाएंगे। सायंकाल मंदिरों में आरती, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। धर्म के दस लक्षण उत्तम क्षमा धर्म, उत्तम मार्दव धर्म, उत्तम आजर्व धर्म, उत्तम शौच धर्म, उत्तम सत्य धर्म, उत्तम संयमधर्म, उत्तम तप धर्म, उत्तम त्याग धर्म, उत्तम आकिंचन धर्म, उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म होते हैं, जिनका पालन कर श्रावक आत्म – आराधना करते हैं। इन 10 धर्मों को दसलक्षण पर्व भी कहते हैं। इस प्रकार इन दस पर्वों को दशलक्षण पर्व के रूप में जैन समाज के श्रावक बड़ी धूमधाम से मनाते हैं।
इस अवसर पर होने वाले सभी धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूरे मनोयोग से भाग लेने तथा सहयोग करने का आव्हान किया है। जैन समाज के सभी घरों में शुद्ध आहार व्यवस्था के लिए घर पर ही मसाले आदि तैयार कर भोजन बनता है। घरों में रहकर श्रावक एक टाइम एक आसन व्रत या उपवास आदि करते हैं सागर शहर में दर्जनों लोग ऐसे हैं जो 10 दिन तक निर्जल उपवास करते हैं