भोपाल/सागर। पर्युषण पर्व एवं दसलक्षण पर्व के दौरान कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक की त्रैमासिक परीक्षाएं आयोजित न किए जाने को लेकर मध्यप्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल ने प्रदेश के जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। अब जिला शिक्षा अधिकारी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेकर आवश्यक आदेश जारी करेंगे।
पर्युषण, दसलक्षण पर्व एवं गणेश चतुर्दशी के दौरान परीक्षाएं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए यह पहल की गई है। निर्यापक श्रमण श्री अभय सागर महाराज की प्रेरणा एवं प्रयासों से विभिन्न जिलों में इस विषय को लेकर पहल की गई थी, जिसके बाद शासन ने सकारात्मक कदम उठाया है।
अब संबंधित जिलों की जैन समाज को जिला शिक्षा अधिकारी से शीघ्र संपर्क कर परीक्षा तिथियों में आवश्यक परिवर्तन का अनुरोध करना होगा। मुनिश्री ने समाजजनों से समय रहते सक्रिय होने की अपील की है, क्योंकि शासन ने निर्णय का अधिकार जिला स्तर पर दिया है।
