आंखों में जलन और सांस लेने में हुई परेशानी, जिला अस्पताल में कराया गया उपचार; डॉक्टर बोले- सभी खतरे से बाहर
सीहोर। जिले के ग्राम लसुड़िया खास स्थित पानी फिल्टर प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तालाब के पानी को साफ करने के लिए प्लांट में क्लोरीन गैस का उपयोग किया जा रहा था। इसी दौरान क्लोरीन गैस के टैंक में रिसाव होने की बात सामने आई।
गैस के रिसाव के बाद उसके संपर्क में आए कुछ लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक प्रभावित लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीहोर पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और उपचार के बाद सभी लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अमले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। फिलहाल गैस रिसाव के कारणों और टैंक में किस वजह से लीकेज हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।