आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में बच्चों ने मनाई जन्माष्टमी, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में दिखाया उत्साह; मंदिरों में रात 12 बजे होगा कृष्ण जन्मोत्सव
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर दीवानगंज, अंबाड़ी, सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार को सुबह से ही धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में दीवानगंज स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर जन्माष्टमी पर्व मनाया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद केंद्र पर मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नन्हे बच्चों का कृष्ण-राधा के रूप में सजा स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। आंगनबाड़ी केंद्र का वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय हो गया।
वहीं क्षेत्र में जन्माष्टमी को लेकर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिरों में बाल गोपाल का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झांकियां तैयार की गई हैं। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
श्रद्धालु दिनभर व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर रहे हैं। अब सभी को देर रात होने वाले कृष्ण जन्मोत्सव का इंतजार है। धार्मिक परंपरा के अनुसार मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिरों में विशेष पूजा, आरती और अभिषेक किया जाएगा। रात 12 बजे घंटे-घड़ियालों की गूंज के साथ ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए जाएंगे।

कृष्ण जन्म के बाद भगवान को माखन-मिश्री, पंचामृत सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। रात में क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है।