डेढ़ महीने बाद पहाड़ों से फूटे झरने, चारों ओर छाई हरियाली; प्राकृतिक सौंदर्य देखने उमड़ रहे लोग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
मानसून के करीब डेढ़ महीना बीतने के बाद अब दीवानगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की पहाड़ियों पर बारिश का असर साफ दिखाई देने लगा है। पहाड़ों से झर-झर बहते झरने और चारों ओर फैली घनी हरियाली ने पूरे क्षेत्र की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। बारिश के पानी से पहाड़ियों के बीच बने छोटे-बड़े जलस्रोत अब जीवंत हो उठे हैं।
दीवानगंज के आसपास स्थित पहाड़ी इलाकों में इन दिनों सुबह से ही प्राकृतिक नजारा देखने को मिल रहा है। कहीं ऊंचाई से पानी की धार गिर रही है तो कहीं चट्टानों के बीच से पानी बहता नजर आ रहा है। हरी-भरी पहाड़ियों के बीच बहते झरने लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
लगातार बारिश के बाद जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में पेड़-पौधों पर भी हरियाली छा गई है। सूखी नजर आने वाली पहाड़ियां अब हरे रंग की चादर ओढ़े दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद हर साल पहाड़ी क्षेत्रों में झरने सक्रिय होते हैं, लेकिन इस बार कई स्थानों पर प्राकृतिक दृश्य बेहद आकर्षक नजर आ रहे हैं।रायसेन जिले में बारिश के बाद झरनों के शुरू होने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं।
प्रकृति प्रेमियों के लिए बना आकर्षण का केंद्र
पहाड़ियों पर बहते झरने और चारों ओर फैली हरियाली लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाले लोग कुछ देर रुककर प्राकृतिक नजारे का आनंद लेते और मोबाइल कैमरे में तस्वीरें व वीडियो कैद करते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में झरनों के पास फिसलन और तेज पानी के बहाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के दौरान चट्टानों पर फिसलन बढ़ जाती है, ऐसे में झरनों के बेहद करीब जाने से बचना चाहिए।