मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, बालमपुर, जमुनिया, नरखेड़ा, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, करैया, गिदगढ़ सहित आसपास के करीब 40 गांवों में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही गांवों में देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी और जगह-जगह तिरंगा शान से लहराया।

सरकारी एवं निजी स्कूलों, पंचायत भवनों सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

मुख्य मार्गों से निकली तिरंगा रैली
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज, पीएम श्री स्कूल सेमरा तथा एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला दीवानगंज के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली। रैली में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। छात्र-छात्राओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “महात्मा गांधी अमर रहें” और “सुभाष चंद्र बोस की जय” जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
ध्वजारोहण के बाद एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला दीवानगंज सहित विभिन्न स्कूलों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रमों के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद किया गया। बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई।

गांव-गांव में दिखा तिरंगे का उत्साह
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दीवानगंज क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में हर उम्र के लोगों में उत्साह नजर आया। छोटे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर घूमते दिखाई दिए, वहीं युवाओं और ग्रामीणों ने भी देशभक्ति के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में दिनभर “हर घर तिरंगा” और देशभक्ति के रंग नजर आए।