रायसेन। रविवार की सुबह कान्वेंट स्कूल के सामने पौधारोपण कार्यक्रम ने अनुभव और युवा ऊर्जा के संगम के साथ रायसेन को हरित बनाने का संदेश दिया। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन और रायसेन जिला विकास समिति के संयुक्त पौधारोपण अभियान में पेंशनर्स ने कदंब के पौधे रोपे, वहीं युवा कार्यकर्ताओं ने उनके संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पेंशनर्स एम.एल. राठौरिया ने रायसेन जिला विकास समिति के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे पिछले दो वर्षों से समिति के ‘कदम-कदम पर कदंब’ अभियान को दूर से देख रहे थे। आज साथ मिलकर पौधारोपण करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा कि समिति के सदस्य स्वयं गड्ढे खोदने से लेकर पौधों पर मिट्टी चढ़ाने तक का काम करते हैं। किसी भी संस्था की सबसे बड़ी ताकत वे सदस्य होते हैं, जो माटी से जुड़कर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि समिति के कार्यकर्ताओं ने पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाकर अपने संकल्प को जमीन पर उतारा है। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनाने की जिम्मेदारी का भी संदेश देता है।

जी.एल. शाक्य ने कहा कि कदंब पौधारोपण जैसी पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश है। ऐसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि शहर में हरियाली का दायरा बढ़े।
इस अवसर पर प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के डॉ. ए.के. शर्मा, राजेन्द्र शुक्ला, बी.पी. शर्मा, अमीचंद कुशवाहा, जे.पी. मालवीय सहित ‘बस एक कदम और’ सोशल वेलफेयर फाउंडेशन तथा रायसेन जिला विकास समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
वर्षाकाल में भी जारी रहेगा अभियान
रायसेन जिला विकास समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्षाकाल में ‘कदम-कदम पर कदंब’ अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के सड़क किनारे कदंब के पौधे लगाए जाएंगे और लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य रायसेन को अधिक हरा-भरा बनाना और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना है।