गुलगांव में निकली कलश यात्रा, शिव मंदिर में जलाभिषेक के बाद पौधे वितरित; ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद रायसेन के विकासखंड सांची, सेक्टर सांची के अंतर्गत चयनित नवांकुर संस्था मातृभूमि मानव कल्याण समिति द्वारा नवांकुर सखियों के साथ हरियाली यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और पेड़ों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
हरियाली यात्रा के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों और नवांकुर सखियों द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा प्राचीन शिव मंदिर गुलगांव पहुंची, जहां विधि-विधान से जलाभिषेक कर पर्यावरण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पौधे वितरित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को हरा-भरा रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन, जल संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुलगांव सरपंच बाबूलाल, हल्का पटवारी विंध्या, ब्लॉक समन्वयक आनंद कुमार नेमा, नवांकुर संस्था मातृभूमि मानव कल्याण समिति के अध्यक्ष मूरत सिंह लोधी, मेंटर अतुल जाट तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गुलगांव के अध्यक्ष भगत सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा डॉ. टीकाराम, राजेंद्र बघेल, तूफान पाल, भगवती लोधी, अनीता साहू सहित समिति के सदस्य, नवांकुर सखियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ग्रामीणों में हरियाली और प्रकृति संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।