सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज,रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज से एक दुखद खबर सामने आई है। सुल्तानगंज–सिलवानी मार्ग स्थित समैया पेट्रोल पंप के सामने एक कॉलोनी में 17 वर्षीय किशोरी अपने घर के अंदर मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे किशोरी अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर देखा गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां किशोरी घर के अंदर फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और अस्पताल भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।