मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पीएमश्री शासकीय हाई स्कूल सेमरा में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने “नशे से दूरी है जरूरी” विषय पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। छात्रों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह एवं दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध, सामाजिक जिम्मेदारी और कानून के प्रति जागरूक रहने की भी सलाह दी।

विद्यालय की प्राचार्य असमत बेगम ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना भी है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों ने “नशे से दूरी है जरूरी” की सामूहिक शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर शाला प्रभारी कौशल सिंह यादव, शिक्षक अब्दुल नईम, राशिद मोहम्मद, व्यावसायिक शिक्षा प्रभारी प्रकाश मीणा, प्रदीप कोली, संतोष यादव, जहीर खान, मुमताज खान, प्रकाश मेहरा, नीलम व्योहार, प्रतिभा यादव, अनुप्रिया जैन, प्रीति चौकसे, रचना नामदेव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।