सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित पाठा मोहल्ला में गुरुवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां 65 वर्षीय बाबूलाल गौर पिता तखत सिंह गौर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य मंदिर गए हुए थे, जबकि बाबूलाल गौर घर पर अकेले थे। जब परिजन वापस लौटे तो उन्हें बाबूलाल फंदे पर लटके मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं से घटना की पड़ताल की जा रही है। पुलिस सहायक उपनिरीक्षक रमेश रैकवार ने बताया कि वृद्ध द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।