मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
मानसून की दस्तक से पहले ग्राम पंचायत दीवानगंज ने गांव में जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए नालियों की साफ-सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। पंचायत द्वारा गांव की प्रमुख नालियों से गाद, कचरा और झाड़-झंखाड़ हटाया जा रहा है ताकि बरसात के दौरान पानी का सुचारू निकास हो सके और ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्रामीण क्षेत्रों में हर वर्ष बारिश के दौरान नालियां चोक होने से सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत ने समय रहते सफाई कार्य शुरू कराया है। ग्राम पंचायत दीवानगंज के सरपंच गिरजेश नायक सचिव रामप्रसाद मालवीय
ने बताया कि गांव के विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई कराई जा रही है तथा जहां आवश्यकता होगी वहां अतिरिक्त सफाई भी कराई जाएगी। सफाई अभियान के दौरान कर्मचारियों द्वारा नालियों में जमा कचरे को निकालकर उसका उचित निस्तारण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि नियमित रूप से नालियों की सफाई होती रहे तो बरसात में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। पंचायत ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे नालियों में कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
बारिश से पहले शुरू हुए इस अभियान से ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस वर्ष बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या से काफी राहत मिलेगी।