– एम्बुलेंस समेत कई वाहन फंसे
अधूरे निर्माण से परेशान लोग, ठेकेदार की लापरवाही
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
रायसेन-राहतगढ़ निर्माणाधीन सड़क पर एक दिन पहले हुई हल्की बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली की पोल खोल दी। इस सड़क पर आलमपुर ग्राम के समीप सड़क दलदल में तब्दील हो गई, जिससे एम्बुलेंस सहित आधा दर्जन से अधिक वाहन कीचड़ में फंस गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के बाद सड़क पर भारी कीचड़ जमा हो गया, जिससे छोटे-बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया।

एक ट्राला, यात्री बस, डंफर और एम्बुलेंस सहित अन्य वाहन दलदल में फंस गए, जिसके कारण मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से बमुश्किल वाहनों को बाहर निकाला जा सका। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पिछले कई माह से धीमी गति से चल रहा है। निर्माण एजेंसी द्वारा धीमा कार्य किए जाने के कारण लगातार आवागमन बाधित हो रहा है। लोगों को रोजाना धूल, गड्ढों और जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि एमपीआरडीसी के निजी ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। सड़क निर्माण की गति बेहद धीमी है और कार्य की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही। हल्की बारिश में सड़क की यह स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। नागरिकों ने प्रशासन और एमपीआरडीसी से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।